दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़: वाशिंग पाउडर की आड़ में बन रहा था जर्दा युक्त ‘सितार’, संचालक समेत 12 हिरासत में
दुर्ग। जिले के ग्राम कुथरेल में संचालित एक अवैध गुटखा निर्माण फैक्ट्री पर अंडा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। इस कार्रवाई में भारी मात्रा में गुटखा निर्माण सामग्री, तैयार उत्पाद और उत्पादन में उपयोग की जा रही मशीनें बरामद की गई हैं। पुलिस ने फैक्ट्री संचालक सहित 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम कुथरेल में वाशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में अवैध रूप से जर्दा युक्त “सितार” नामक उत्पाद तैयार किया जा रहा है।
सूचना के आधार पर अंडा थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को एक ही परिसर में संचालित दो अवैध यूनिट मिलीं, जहां बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा रहा था।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल, तैयार गुटखा, पैकेजिंग सामग्री और उत्पादन में उपयोग होने वाली विभिन्न मशीनों को जब्त किया। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि फैक्ट्री में लंबे समय से अवैध रूप से गुटखा निर्माण का कार्य चल रहा था।
पुलिस अब जब्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं सुरक्षा विभाग (फूड एंड सेफ्टी) की टीम भी मौके पर पहुंची। विभागीय अधिकारियों द्वारा जब्त सामग्री के नमूने लिए जा रहे हैं तथा उत्पादों की गुणवत्ता, संरचना और मात्रा का परीक्षण किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कानूनों के तहत अतिरिक्त कार्रवाई की जा सकती है।पुलिस ने फैक्ट्री संचालक सहित 12 लोगों को हिरासत में लिया है।
सभी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध रूप से तैयार किए जा रहे उत्पादों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।अंडा थाना पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और पूछताछ तथा दस्तावेजों के परीक्षण के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
पुलिस अवैध कारोबार के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।
