पटवारियों की हड़ताल के समर्थन में कर्मचारी संगठनों ने भरी हुंकार, ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई वापस लेने की मांग
दुर्ग। छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ की एक माह से जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल को अब विभिन्न कर्मचारी संगठनों का समर्थन मिलने लगा है। पटवारियों की लंबित मांगों का निराकरण नहीं होने और आंदोलनकारियों के खिलाफ प्रस्तावित दमनात्मक कार्रवाई को लेकर कर्मचारी संगठनों ने सरकार के प्रति नाराजगी जताई है। संगठनों ने ब्रेक-इन-सर्विस की कार्रवाई तत्काल वापस लेने और पटवारियों से सम्मानजनक बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान करने की मांग की है।
इसी कड़ी में 13 नवंबर 2026 को छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारियों ने पटवारी संघ के आंदोलन को समर्थन देते हुए मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी दुर्ग को सौंपा।कर्मचारी संगठनों ने शासन की कार्रवाई को कर्मचारी विरोधी, अलोकतांत्रिक एवं दमनकारी बताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में कर्मचारियों को अपनी जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करने का अधिकार है।
ऐसे में बातचीत से समस्या का समाधान निकालने के बजाय दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी देना उचित नहीं है।ज्ञापन में मांग की गई कि पटवारी संघ की लंबित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए तत्काल उच्चस्तरीय वार्ता आयोजित की जाए। आंदोलनरत पटवारियों के विरुद्ध प्रस्तावित ब्रेक-इन-सर्विस सहित सभी दमनात्मक एवं प्रतिशोधात्मक कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। भूमि अभिलेखों के संधारण, नामांतरण, सीमांकन और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी अहम भूमिका रहती है।
ऐसे में उनकी समस्याओं की अनदेखी से आम जनता को भी राजस्व संबंधी सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ता है।कर्मचारी संगठनों ने कहा कि आंदोलन किसी भी कर्मचारी का पहला विकल्प नहीं होता। जब लंबे समय तक मांगों की अनदेखी होती है और संवाद से समाधान नहीं निकलता, तभी कर्मचारी आंदोलन के लिए मजबूर होते हैं। सरकार को टकराव का रास्ता अपनाने के बजाय संवाद और सकारात्मक पहल के माध्यम से समस्या का निराकरण करना चाहिए।ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक राजेश चटर्जी, छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय महामंत्री विजय लहरे, वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रदीप बाबा चौहान, जिला अध्यक्ष दुर्ग भानु प्रताप यादव, जिला सचिव शिवदयाल घृतलहरे, कर्मचारी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं फेडरेशन के महासचिव अनुरूप साहू, कार्यालय सचिव धर्मेंद्र देशमुख, शिक्षा विभाग संयोजक सूखेन्द्र देवांगन, पशु चिकित्सा विभागीय संयोजक सुरेश कुमार साहू, लघु वेतन कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मोतीराम खिलाड़ी, पॉलिटेक्निक कर्मचारी संयोजक गौरी शंकर रावना सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।कर्मचारी संगठनों ने स्पष्ट किया कि पटवारी संघ की न्यायोचित मांगों के निराकरण तक उनका नैतिक एवं संगठनात्मक समर्थन जारी रहेगा।
साथ ही मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर हड़ताल समाप्त कराने और प्रदेश में कर्मचारी हितैषी वातावरण बनाने की अपील की।
