जंगल में पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, पुलिस ने दिखाई मानवता
कुकदूर। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुनमुना के पेडवारी जंगल में उस समय सनसनी फैल गई जब मशरूम खोज रहे ग्रामीणों ने एक अधेड़ की लाश कर्रा पेड़ से लटकती देखी। ग्रामीणों ने तत्काल सरपंच को सूचना दी। सरपंच ने कुकदूर थाना प्रभारी आशीष कंसारी को खबर दी, जिसके बाद एसआई मंगलम और पुलिस जवान मौके पर पहुँचे।पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव की पहचान सगोना निवासी बुधराम बैगा (60 वर्ष) के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि बुधराम मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और 14 अगस्त से घर से लापता थे। चार दिन बाद उनकी लाश जंगल में पेड़ से लटकती मिली, जो सड़ने लगी थी।घटना स्थल पर अधिकांश ग्रामीण शव के समीप जाने से कतराते रहे, लेकिन पुलिस ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्वयं शव को उतारा और कपड़े में लपेटकर कुकदूर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।बुधराम के दो बेटे हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारण का खुलासा होगा।
