किसान के बेटे ने रचा इतिहास: 12वीं में 90% अंक, क्लास टीचर के मार्गदर्शन से मिली बड़ी सफलता
मुंगेली। माध्यमिक शिक्षा मंडल छत्तीसगढ़ द्वारा घोषित कक्षा 12वीं के परीक्षा परिणाम में ग्राम बैतलपुर के हाई स्कूल के छात्र खुमांशु साहू ने 90 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। कॉमर्स संकाय के इस होनहार छात्र की सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।साधारण किसान परिवार से आने वाले खुमांशु के पिता शत्रुघ्न साहू किसान हैं, जबकि माता सुनीता साहू गृहिणी हैं।
सीमित संसाधनों के बावजूद खुमांशु ने अपनी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के दम पर यह मुकाम हासिल किया।इस सफलता में क्लास टीचर ऋतु दिवाकर का विशेष मार्गदर्शन भी अहम रहा। उन्होंने समय-समय पर पढ़ाई की सही दिशा, मोटिवेशन और विषयों की गहराई से समझ देकर खुमांशु को आगे बढ़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। खुमांशु ने स्वयं भी अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के साथ-साथ अपने शिक्षकों, विशेषकर ऋतु दिवाकर को दिया है।खुमांशु ने बताया कि नियमित अध्ययन, सही समय प्रबंधन और शिक्षकों के निर्देशों का पालन उनकी सफलता की कुंजी रहा।
उनका सपना आगे उच्च शिक्षा हासिल कर एक सफल करियर बनाना है।विद्यालय के प्राचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने खुमांशु की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए उसे उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है, जो यह दर्शाती है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
