औंधी स्कूल में शिक्षकों को मानसिक प्रताड़ना का आरोप, शिक्षक संघ ने जताई नाराजगी

दुर्ग/पाटन। औंधी स्थित पूर्व माध्यमिक शाला के शिक्षकों ने प्रभारी प्राचार्य उमा कोमरा एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य ममता सामल पर कथित रूप से मानसिक प्रताड़ना और दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप लगाए हैं। शिक्षकों का आरोप है कि निरीक्षण के नाम पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है तथा उनकी योग्यता पर सवाल उठाकर अपमानित किया जाता है।शिक्षकों के अनुसार कक्षा में अध्यापन के दौरान हाईस्कूल के शिक्षकों एवं विज्ञान सहायक को भेजकर 40 से 50 मिनट तक निरीक्षण किया जाता है, जिससे अध्यापन कार्य प्रभावित होता है।

वहीं, वेतन रोकने की कथित धमकी देने और शाला मर्ज होने की बात कहकर शिक्षकों को सहयोग के बजाय अपमानित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।शिक्षकों ने प्रधान पाठक के अधिकारों के कथित हनन का आरोप लगाते हुए मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से की है। शिक्षकों के विरोध के बाद शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष धरमदास बंजारे ने मामले को गंभीर बताते हुए नाराजगी जाहिर की।
उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों को उनकी योग्यता पर प्रश्न उठाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने उच्च अधिकारियों से तत्काल विभागीय जांच कराकर आरोप सही पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
