मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत दुर्ग से 800 श्रद्धालु हुए रवाना विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा व महापौर अलका बाघमार ने कलेक्टर की मौजूदगी में दिखाई हरी झंडी
दुर्ग/5 नवंबर।छत्तीसगढ़ शासन की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत बुधवार को दुर्ग जिले के 800 श्रद्धालु पवित्र तीर्थ स्थलों सोमनाथ, नागेश्वर व द्वारका के दर्शन के लिए रवाना हुए। दुर्ग रेलवे स्टेशन से भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन द्वारा इन श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा पर भेजा गया। रवाना करने के अवसर पर विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कलेक्टर अभिजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, आयुक्त सुमित अग्रवाल सहित एमआईसी सदस्य देव नारायण चंद्राकर, रंजीता पाटिल और सावित्री दमाहे की मौजूदगी में ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रा का शुभारंभ किया।
यात्रियों ने हर्षो उल्लास के साथ जयकारे लगाते हुए यात्रा आरंभ की।विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा और महापौर अलका बाघमार ने कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का उद्देश्य केवल धार्मिक यात्रा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका ध्येय नागरिकों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर शुरू हुई यह योजना वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग जनों, विधवा एवं परित्यक्ता महिलाओं सहित उन पात्रजन के लिए आस्था का अवसर है जो आर्थिक या अन्य कारणों से तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ थे।
दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि यह योजना सामाजिक समरसता व आध्यात्मिक एकता को सुदृढ़ करने वाली योजना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित एवं आनंदमय यात्रा की कामना की।यात्रा से पूर्व स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने योग्य था। जिला प्रशासन द्वारा भोजन, पेयजल, चिकित्सकीय सुविधा सहित सुरक्षा एवं व्यवस्था की पूरी तैयारी की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि आगे भी नगर निगम व जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि अधिक से अधिक पात्र नागरिक इस योजना का लाभ ले सकें।
