दुर्ग/ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर आज देश एवं प्रदेश के साथ दुर्ग जिले में भी सभी नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों सहित शासकीय कार्यालयों, स्कूलों और महाविद्यालयों में सामूहिक राष्ट्रीय गीत-गायन का आयोजन पूर्वान्ह 10 बजे किया गया।जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में प्रदेश के अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं विधायक अहिवारा श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे, सदस्य सुश्री प्रिया साहू सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह, जिला पंचायत CEO श्री बजरंग दुबे, जनपद पंचायत CEO श्री रूपेश पाण्डे सहित जिला एवं जनपद कार्यालयों के अधिकारी-कर्मचारी इस अवसर पर सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारम्भ और समापन सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् गान से हुआ।
राष्ट्रीय स्तर पर यह महाअभियान आज प्रातः 10 बजे देश की राजधानी दिल्ली से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री जी ने वंदे मातरम् की पंक्तियों के भावार्थ से देशवासियों को अवगत कराया। इस अवसर पर 150 रुपये का स्मारक सिक्का एवं डाक टिकट का विमोचन भी किया गया। जिला मुख्यालय में कलेक्ट्रेट समेत सभी कार्यालयों में अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक गायन करते हुए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा व सुना।गौरतलब है कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह महा अभियान पूरे वर्ष तक मनाया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में भी यह आयोजन जनभागीदारी के साथ 4 चरणों में ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक भव्यता के साथ सम्पन्न होगा। प्रथम चरण 07 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय चरण 07 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) तथा चौथा चरण 01 से 07 नवम्बर 2026 तक चलेगा। इस अवधि में प्रदेश के सभी जिलों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों व सामाजिक संस्थाओं में विविध कार्यक्रमों के साथ सामूहिक गीत-गायन आयोजित किया जाएगा।
