जिला साहू संघ दुर्ग का भव्य शपथ ग्रहण समारोह संपन्न, उपमुख्यमंत्री अरुण साव रहे मुख्य अतिथि
जिला साहू संघ दुर्ग एवं तहसील साहू संघ दुर्ग शहर, धमधा व अहिवारा के नव-निर्वाचित एवं मनोनीत पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। यह आयोजन 36 फोर्ट, कोलिहापुरी, दुर्ग में संपन्न हुआ।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री मा. श्री अरुण साव रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष मा. डॉ. नीरेंद्र साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व गृह मंत्री मा. श्री ताम्रध्वज साहू उपस्थित रहे।इस अवसर पर दुर्ग जिले के नव-नियुक्त अध्यक्ष श्री नंदलाल साहू सहित सभी निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम में समाज के अनेक वरिष्ठ एवं विशिष्ट जनों की उपस्थिति रही, जिनमें पूर्व मंत्री जागेश्वर साहू, पूर्व विधायक श्रीमती रमशीला साहू, पूर्व अध्यक्ष श्री विपिन साहू, श्री दीपक ताराचंद साहू, तेलघानी बोर्ड अध्यक्ष श्री जितेंद्र साहू तथा श्री राजेंद्र साहू सहित समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में साहू समाज की एकजुटता, सामाजिक सेवा एवं संगठन की मजबूती पर बल देते हुए नव-नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समाज के विकास में संगठित प्रयासों की अहम भूमिका होती है।
आयोजकों ने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से नवगठित कार्यकारिणी को समाज सेवा, संगठन विस्तार एवं सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ दायित्व सौंपे गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में जिला साहू संघ दुर्ग के अध्यक्ष एवं समस्त पदाधिकारियों ने समाज के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी संगठन को सशक्त बनाने के लिए सहयोग की अपील की।
