श्रेया हॉस्पिटल में चिकित्सकीय लापरवाही से महिला की मौत अस्पताल प्रबंधक और डॉक्टर गिरफ्तार, जांच जारी
धमधा (दुर्ग)। धमधा क्षेत्र से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। श्रेया हॉस्पिटल धमधा में कथित चिकित्सकीय लापरवाही के चलते 57 वर्षीय महिला की मौत के मामले में धमधा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल के प्रबंधक और संबंधित डॉक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना अभी भी जारी है और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक महिला पदमाबाई वर्मा (57 वर्ष) का इलाज श्रेया हॉस्पिटल धमधा में किया जा रहा था।
ऑपरेशन के बाद उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई। आरोप है कि बिना परिजनों की सहमति के महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया, जिसके चलते रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।पुलिस जांच में यह सामने आया है कि इलाज के दौरान घोर लापरवाही और उपेक्षा पूर्ण चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई गई, जो सीधे तौर पर महिला की मृत्यु का कारण बनी।
गिरफ्तार आरोपी:मनीष राजपूत – प्रबंधक, श्रेया हॉस्पिटल धमधा
डॉ. अभिषेक पाण्डेय – संबंधित डॉक्टर धमधा पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।यह मामला एक बार फिर निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा, जवाबदेही और चिकित्सा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
