एनडीपीएस एक्ट में फरार आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग पुलिस की नशे के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी
दुर्ग।जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना खुर्सीपार पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीबद्ध गांजा बिक्री प्रकरण में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 02 जनवरी 2026 को थाना खुर्सीपार पुलिस टीम भ्रमण एवं अपराध पतासाजी के दौरान डबरापारा मिनी स्टेडियम के पास पहुंची थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ व्यक्ति अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की बिक्री कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया था।इस संबंध में अपराध क्रमांक 02/2026 धारा 8, 21(बी), 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। फरार आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी, जिसे पुलिस ने आज दिनांक 03 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान मजीद खान (24 वर्ष), निवासी जोन-02, खुर्सीपार के रूप में हुई है।
प्रकरण में पूर्व अनुसार अवैध मादक पदार्थ गांजा की जप्ती की गई थी।इस सफल कार्रवाई में थाना खुर्सीपार के थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला, सहायक उप निरीक्षक तुलसी बिंझेकर, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, प्रधान आरक्षक सुमन सिंह, आरक्षक चंद्रभान चौहान एवं आरक्षक चुमुक सिन्हा की सराहनीय भूमिका रही।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें तथा अवैध मादक पदार्थों की बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी जानकारी की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
