पिथोरा वन परिक्षेत्र के बुंदेली–अरंड जंगल में तेंदुआ दिखने से दहशत
महासमुंद जिले के पिथोरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत बुंदेली–अरंड जंगल में तेंदुआ देखे जाने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार जंगल किनारे एक मादा तेंदुआ अपने दो शावकों के साथ दिखाई दी, जिसके बाद आसपास के गांवों में भय व्याप्त हो गया है। लोग खेतों और जंगल की ओर जाने से कतरा रहे हैं।सूचना मिलते ही पिथोरा वन परिक्षेत्र अधिकारी सुखराम निराला अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और क्षेत्र का जायजा लिया।
वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है तथा ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि तेंदुआ अपने शावकों के साथ है, इसलिए वह ज्यादा संवेदनशील हो सकता है। ऐसे में ग्रामीण अकेले जंगल की ओर न जाएं, बच्चों को घर से दूर न जाने दें और किसी भी प्रकार की गतिविधि दिखने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
