नाबालिग बालिका से जुड़े गंभीर अपराध में कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई के तहत कबीरधाम पुलिस ने एक गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर जिले में नाबालिगों से संबंधित अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में थाना सिंघनपुरी जंगल में अपराध क्रमांक 01/2026 के तहत धारा 137(2), 87, 64(2)(एम), 65(1) बीएनएस एवं धारा 4(2), 6 POCSO Act के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
प्रार्थी ने थाना सिंघनपुरी जंगल में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 15 वर्ष 2 माह की नाबालिग पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीम गठित की और लगातार पतासाजी शुरू की।जांच के दौरान पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को रायपुर से आरोपी सूरजपाल के कब्जे से दस्तयाब किया। आरोपी की पहचान सूरजपाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 20, रावणभाटा, मंदिर हसौद, जिला रायपुर के रूप में हुई है।महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से पीड़िता का बयान दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।पुलिस ने बताया कि नाबालिगों से संबंधित अपराधों के मामलों में आगे भी इसी तरह सख्त और संवेदनशील कार्रवाई जारी रहेगी।
साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
