किराए के मकान में संदिग्ध गतिविधियों पर कॉलोनीवासियों का हंगामा, 3 युवक और 2 युवतियां पुलिस के हवाले
धमतरी। शहर के नंदा हॉस्पिटल गली स्थित एक किराए के मकान में शनिवार देर रात संदिग्ध गतिविधियों को लेकर कॉलोनीवासियों ने जमकर हंगामा कर दिया। स्थानीय लोगों ने मौके से तीन युवक और दो युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में देह व्यापार की आशंका जताई जा रही है।जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल के पीछे स्थित इस मकान में काफी समय से संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत कॉलोनीवासियों को मिल रही थी। शनिवार देर रात मकान में कुछ लोगों की आवाजाही बढ़ने पर लोगों को शक हुआ।
इसके बाद बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी वहां इकट्ठा हो गए और मकान में मौजूद तीन युवक और दो युवतियों को पकड़ लिया।सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए थाने ले गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान कुछ अन्य लोग मौके से भागने में भी सफल हो गए। घटना के बाद कॉलोनी के कई लोग सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।पुलिस के अनुसार पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ की जा रही है।
जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। यदि अवैध गतिविधियों की पुष्टि होती है तो संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
