बड़ी कार्रवाई: 26 लाख के गबन मामले में डॉ. नरेंद्र गोलन सस्पेंड
भिलाई | उतई सरकारी अस्पताल में सरकारी योजनाओं की राशि में भारी गड़बड़ी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डॉ. नरेंद्र गोलन को निलंबित कर दिया है। गर्भवती महिलाओं और स्वास्थ्य कर्मियों के लिए संचालित योजनाओं की राशि में करीब 26 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है।
सीएमएचओ की जांच रिपोर्ट के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक ने निलंबन आदेश जारी किया। जांच में प्रथम दृष्टया पाया गया कि डॉ. गोलन ने जीवनदीप समिति के खाते से 15,50,777 रुपयेजननी सुरक्षा योजना के खाते से 10,55,280 रुपये कुल मिलाकर 26,06,057 रुपये की वित्तीय अनियमितता की है।
इसे छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है।निलंबन अवधि के दौरान डॉ. गोलन को संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पहले भी हो चुकी है कार्रवाई गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में इसी मामले में एक महिला कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब जांच के बाद डॉ. गोलन पर भी कार्रवाई की गई है।
स्वास्थ्य योजनाओं में गड़बड़ी से मचा हड़कंप गर्भवती महिलाओं के लिए चल रही योजनाओं की राशि में गबन सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की आगे भी जांच जारी है।
