महिला दिवस पर दादा-दादी पार्क में उत्साह: महापौर अलका बाघमार ने महिला दौड़ को दिखाई हरी झंडी, 500 से अधिक महिलाओं को योगामेट व पौधों का वितरण

दुर्ग | 08 मार्च।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा दादा-दादी, नाना-नानी पार्क में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महापौर अलका बाघमार प्रभारी शशि साहू, देवनारायण चंद्रकार, नरेंद्र बंजारे, शेखर चंद्रकार, लीना दिनेश देवांगन, लीलाधर पाल और हर्षिका संभव जैन के साथ सुबह पार्क पहुंचीं और महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।महापौर के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही महिलाओं ने फूल बरसाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। योगा क्लब के सदस्यों ने भी महापौर का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
कार्यक्रम के दौरान लायनेस क्लब दुर्ग सिटी द्वारा आयोजित महिला दौड़ का शुभारंभ महापौर अलका बाघमार ने लाल फीता काटकर किया। इसके बाद महिलाओं ने उत्साह के साथ दौड़ लगाई, जिससे पूरे पार्क में उत्साह का माहौल बन गया।इस अवसर पर योग क्लब के सदस्यों और मॉर्निंग वॉक के लिए आई 500 से अधिक महिलाओं को योगामेट, पानी की बोतल और पौधों का वितरण किया गया। महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम के बाद महापौर अलका बाघमार रामनगर वार्ड उरला स्थित “मोर जमीन मोर आवास” स्थल भी पहुंचीं, जहां हितग्राहियों को योगामेट, पानी की बोतल और पौधे वितरित किए गए।इस दौरान पार्षद साजन जोसफ, रंजीता पाटिल, मनोज सोनी, नीरा खिचरिया, अनिता तिवारी, रत्नमाला पलिया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।महापौर अलका बाघमार ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि छोटे बच्चों को मोबाइल से दूर रखें और उन्हें खेल-कूद व रचनात्मक गतिविधियों के लिए प्रेरित करें, जिससे उनका शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो सके।
