बलरामपुर।दुर्ग जिले के बाद अब बलरामपुर जिले के कुसमी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत त्रिपुरि के घोसरा गांव में लगभग 5 से 6 एकड़ भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती किए जाने का खुलासा हुआ है।मिली जानकारी के अनुसार अवैध खेती की सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस की टीम ने मौके पर दबिश दी। जांच के दौरान खेतों में बड़ी मात्रा में अफीम के पौधे पाए गए।
इसके बाद पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फसल को नष्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी।बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध अफीम की खेती की सूचना मिल रही थी। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करते हुए खेतों में लगी फसल को नष्ट कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।मौके पर कुसमी एसडीएम के साथ पुलिस की पूरी टीम पहुंच चुकी है और कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध अफीम की खेती करने वालों की पहचान की जा रही है।
जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, वहीं पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
