प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में दुर्ग जिले का प्रदेश में दबदबा — हासिल किया पहला स्थान

दुर्ग। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन में दुर्ग जिले ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। राज्य कार्यालय द्वारा 26 मार्च 2026 को जारी रैंकिंग के अनुसार जिले में 93.3 प्रतिशत आवासों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इनमें से 94.1 प्रतिशत हितग्राहियों को द्वितीय किस्त जारी की जा चुकी है तथा 81.4 प्रतिशत आवासों का निर्माण पूर्ण हो चुका है।जिले ने मनरेगा मजदूरी भुगतान में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 89.2 प्रतिशत (औसत 89.5 प्रतिशत) के साथ पूरे प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे के मार्गदर्शन में योजना के सफल क्रियान्वयन हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत धमधा में 95, दुर्ग में 65 एवं पाटन में 31 हितग्राहियों को आवास निर्माण पूर्ण होने के बाद तृतीय किस्त की राशि हस्तांतरित की गई है। इसके लिए कुल 116 लाख रुपए से अधिक की राशि जारी की गई।

इसके अतिरिक्त 586 हितग्राहियों के लिए 259 लाख रुपए से अधिक की राशि एफटीओ के माध्यम से हस्तांतरण हेतु तैयार की गई है, जो शीघ्र ही उनके खातों में जमा कराई जाएगी।जिले में आवास निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए प्रत्येक सप्ताह लगभग 80 से अधिक नए आवास प्रारंभ किए जा रहे हैं, वहीं 200 से अधिक आवासों का निर्माण पूर्ण किया जा रहा है। फरवरी माह में 831 आवास पूर्ण करने के लक्ष्य के विरुद्ध 852 आवास पूर्ण कर जिले ने लक्ष्य से अधिक उपलब्धि हासिल की है।

योजना के अंतर्गत निरंतर राशि हस्तांतरण से हितग्राहियों में उत्साह बढ़ा है, जिससे वे अपने आवासों का निर्माण तेजी से पूर्ण कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?