दुर्ग में जनगणना 2027 प्रशिक्षण का शुभारंभ, कलेक्टर ने लिया जायजा
दुर्ग/ नगर पालिक निगम। भारत की जनगणना 2027 के तहत फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को बीआईटी कॉलेज, ई ब्लॉक द्वितीय तल दुर्ग में शुभारंभ हुआ। कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अभिजीत सिंह ने प्रशिक्षण केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं और प्रक्रिया का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में छोटी-छोटी सावधानियां भी अत्यंत जरूरी होती हैं।
उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना निदेशालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने सभी प्रशिक्षणार्थियों से गंभीरतापूर्वक प्रशिक्षण लेने और अपनी शंकाओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आगामी चरण में वे जनगणनाकर्मियों को प्रभावी प्रशिक्षण दे सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य की गुणवत्ता प्रशिक्षण की दक्षता पर निर्भर करती है, इसलिए प्रत्येक प्रशिक्षार्थी अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए पूरी निष्ठा से कार्य करें।
इस दौरान नागरिकों के लिए स्वगणना (Self Enumeration) प्रक्रिया के माध्यम से जानकारी साझा करने के तरीकों की भी विस्तृत जानकारी दी गई।कलेक्टर ने प्रशिक्षण को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और अधिकारियों के साथ प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर सुमित अग्रवाल, एसडीएम उत्तम ध्रुव, नोडल अधिकारी मोहेंद्र साहू, आर.के. बोरकर, गौतम साहू, पंकज चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
