आधुनिक मशीन से सड़क सफाई में आई तेजी, 8 घंटे में 15 किमी सड़क साफ
दुर्ग, 6 मई। नगर पालिक निगम द्वारा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देशानुसार अब सड़क सफाई कार्य में मशीन आधारित तकनीक अपनाई गई है, जिससे कार्य में उल्लेखनीय तेजी आई है।नगर निगम द्वारा रोड स्वीपिंग (मशीन आधारित सफाई) कार्य को रात्रिकालीन समय में संचालित किया जा रहा है, ताकि दिन के समय यातायात प्रभावित न हो। इस पहल से न केवल सफाई कार्य सुचारु रूप से हो रहा है, बल्कि शहरवासियों को भी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल रही है।
जानकारी के अनुसार, आधुनिक सफाई मशीन की मदद से लगभग 15 किलोमीटर लंबी और 10 फीट चौड़ी सड़क को महज 8 घंटे में साफ किया जा रहा है। वहीं, इसी कार्य को पहले मैन्युअल तरीके से पूरा करने में लगभग एक सप्ताह का समय लगता था।मशीन के उपयोग से सफाई कार्य में समय की बचत के साथ-साथ गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। नगर निगम का लक्ष्य है कि शहर की सभी प्रमुख सड़कों की नियमित सफाई मशीनों के माध्यम से सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सके।
नगर निगम की इस पहल को शहर में स्वच्छता की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे न केवल सड़कों की साफ-सफाई बेहतर होगी, बल्कि लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
