राजस्व वसूली में उत्कृष्ट कर्मचारियों का सम्मान, आयुक्त ने ली समीक्षा बैठक
दुर्ग/ नगर पालिक निगम दुर्ग में वित्तीय वर्ष समाप्ति के बाद राजस्व विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने की, जिसमें वार्डवार राजस्व वसूली की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान आयुक्त ने राजस्व वसूली में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बकाया करदाताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नल कनेक्शन विच्छेद, वारंट जारी करने एवं आवश्यकतानुसार दुकानों को सील करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। न्यू आदर्श नगर क्षेत्र में सर्वाधिक वसूली करने वाले कर्मचारी राजेश ताम्रकार को प्रथम स्थान मिला, जबकि उरला वार्ड से शिवा परिहार दूसरे स्थान पर रहे। दोनों को आयुक्त द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयुक्त ने सभी कर्मचारियों को इसी प्रकार समर्पण और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की अपेक्षा जताई।
