तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की घोषणा का विरोध, प्रदेश युवा प्रकोष्ठ ने दी आंदोलन की चेतावनी
मुकेश साहू बोले—तेलीबांधा नाम छत्तीसगढ़ की पहचान और सामाजिक इतिहास से जुड़ा, बदलाव स्वीकार नहीं
रायपुर/दुर्ग राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की घोषणा को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। प्रदेश युवा प्रकोष्ठ के सचिव मुकेश साहू ने नाम परिवर्तन की घोषणा का कड़ा विरोध जताते हुए कहा कि तेलीबांधा नाम महज एक स्थान की पहचान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक परंपरा, स्थानीय इतिहास और साहू समाज की स्मृतियों से जुड़ा हुआ है।मुकेश साहू ने कहा कि वर्षों से तेलीबांधा नाम से पहचाने जाने वाले इस स्थान का नाम बदलने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सरकार से मांग की कि नाम परिवर्तन के निर्णय पर पुनर्विचार करते हुए तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रखा जाए।उन्होंने कहा कि किसी भी ऐतिहासिक और सामाजिक पहचान से जुड़े स्थान का नाम बदलने से पहले स्थानीय नागरिकों तथा संबंधित समाज की भावनाओं और ऐतिहासिक संदर्भों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उनके मुताबिक, नाम परिवर्तन केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं है, बल्कि इससे लोगों की सामाजिक स्मृतियां और स्थानीय पहचान भी प्रभावित होती है।
नाम बदला तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन की चेतावनी मुकेश साहू ने स्पष्ट किया कि यदि तेलीबांधा चौक का नाम बदलने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई तो प्रदेश युवा प्रकोष्ठ सामाजिक संगठनों, युवाओं और नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान उसकी लोक संस्कृति, परंपराओं, सामाजिक इतिहास और वर्षों से प्रचलित स्थानों के नामों से भी बनी है। ऐसे नामों के संरक्षण को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार की मांगप्रदेश युवा प्रकोष्ठ के सचिव ने मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार से तेलीबांधा चौक के नाम परिवर्तन की घोषणा पर पुनर्विचार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नहीं, बल्कि स्थानीय ऐतिहासिक एवं सामाजिक पहचान को बनाए रखने की मांग है।मुकेश साहू ने दोहराया कि तेलीबांधा चौक की पहचान को बदला नहीं जाना चाहिए।
यदि नाम परिवर्तन की प्रक्रिया आगे बढ़ती है तो प्रदेश युवा प्रकोष्ठ व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराएगा।
