“नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान से जल संरक्षण और रोजगार को मिलेगी नई दिशा
दुर्ग, 28 अप्रैल 2026। जिले में जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के उद्देश्य से “नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान के तहत तालाब निर्माण कार्यों की शुरुआत तेज़ी से की जा रही है। यह पहल महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत संचालित है, जिसमें परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मार्गदर्शन में चयनित ग्राम पंचायतों में सामुदायिक जल संचयन संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है।
इसी क्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों में पारंपरिक रीति-रिवाजों और देवपूजन के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह कार्यक्रम कलेक्टर अभिजीति सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।जनपद पंचायत दुर्ग अंतर्गत ग्राम पंचायत बोरई में सरपंच उमेश्वर राजू यादव की उपस्थिति में लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में तालाब निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। करीब 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह तालाब लगभग 7 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान करेगा और 5130 से अधिक मानव दिवस का सृजन करेगा।
इसी तरह एक अन्य तालाब निर्माण कार्य भी लगभग 4000 वर्गमीटर क्षेत्र में शुरू किया गया है, जिसकी लागत भी लगभग 19 लाख रुपये है। इस कार्य से 4463 मानव दिवस का सृजन होगा और करीब 100 परिवारों को रोजगार मिलेगा। इसके माध्यम से 7 से 8 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित की जाएगी।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने पूजा-अर्चना कर कार्यों की शुरुआत की। इस पहल से जहां जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं ग्रामीणों के लिए आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।कलेक्टर अभिजीति सिंह ने कहा कि तालाब सदियों से जल संरक्षण के प्रभावी माध्यम रहे हैं।
“नवा तरिया – आय के जरिया” अभियान के जरिए पर्यावरण अनुकूल जल संरचनाओं का निर्माण कर जल उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को मछली पालन जैसी आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की जा रही है।जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से जल संरक्षण के साथ रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है और कृषि व संबंधित गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य मिलंतिन ठाकुर, सरपंच संघ अध्यक्ष ओमेश्वर राजू यादव, पंच भूषण यादव, रविशंकर साहू, राजकुमार साहू, गोवर्धन साहू, पूर्व जनपद सदस्य प्रीति लाल ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण उपस्थित रहे।
