नंदिनी नगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 1 लाख से अधिक की अवैध शराब और वाहन जब्त, 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। दुर्ग पुलिस द्वारा अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना नंदिनी नगर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 97 पौवा शराब एवं दो मोटर सायकल सहित कुल 1 लाख 400 रुपये की सामग्री जब्त की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बुलेट मोटर सायकल में अवैध शराब परिवहन कर रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पोटिया मार्ग स्थित माइनिंग चेक पोस्ट के पास घेराबंदी कर संदेहियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम युगल शर्मा और चन्द्र कुमार कुर्रे निवासी ग्राम मोहरेंगा थाना नंदिनी नगर बताया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 62 पौवा देशी मदिरा शराब एवं एक बुलेट मोटर सायकल बरामद की गई।वहीं दूसरे मामले में 13 मई को पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति टीवीएस एक्सल मोटर सायकल से अवैध शराब परिवहन कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने पथरिया चौक के आगे बायपास रोड अहिवारा में घेराबंदी कर आरोपी बैसाखु राम साहू को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से 35 पौवा अंग्रेजी गोवा मदिरा शराब एवं एक टीवीएस एक्सल मोटर सायकल जब्त किया गया।दोनों मामलों में थाना नंदिनी नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 154/2026 एवं 155/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया है।पुलिस ने बताया कि आरोपी अवैध रूप से शराब बिक्री एवं परिवहन कर आर्थिक लाभ अर्जित करने का कार्य कर रहे थे।
कार्रवाई में थाना नंदिनी नगर पुलिस टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
