उर्स आयोजन को लेकर दुर्ग में बदलेगा ट्रैफिक रूट, 13 से 16 मई तक रात में भारी वाहनों की एंट्री बंद

दुर्ग। यातायात पुलिस दुर्ग ने पुराना बस स्टैंड स्थित मजार में 13 से 16 मई तक आयोजित होने वाले उर्स कार्यक्रम को लेकर विशेष यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।यातायात पुलिस द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पटेल चौक से इंदिरा मार्केट की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं फरिश्ता कॉम्प्लेक्स से पटेल चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर भी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इसके अलावा आयोजन अवधि में रात्रिकालीन समय में दुर्ग शहर के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।उर्स आयोजन में शामिल होने आने वाले लोगों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आने वाले वाहनों हेतु पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। भिलाई और पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बस स्टैंड पार्किंग स्थल तय किया गया है। रिसाली क्षेत्र से आने वाले वाहन झाड़ूराम देवांगन स्कूल परिसर में पार्क किए जाएंगे।
वहीं गंजपारा, पुलगांव और राजनांदगांव की ओर से आने वाले वाहनों के लिए गंज मंडी गंजपारा एवं पुलिस लाइन दुर्ग में पार्किंग व्यवस्था की गई है।यातायात पुलिस ने बताया कि आयोजन के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े करें तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
