बारिश पूर्व तैयारियों का निरीक्षण, कसारीडीह नाला सफाई कार्य का लिया जायजा
नालों की सफाई अभियान में तेजी, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजरमहापौर बोलीं – बारिश के दौरान नागरिकों को नहीं होने देंगे परेशानी
दुर्ग, 20 मई। आगामी बारिश को ध्यान में रखते हुए नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा शहर में जलभराव एवं जल निकासी व्यवस्थाओं को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। महापौर अलका बाघमार एवं आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग एवं निगम अमला लगातार शहर की व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है।इसी क्रम में लोक कर्म विभाग प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने वार्ड पार्षद दीपक साहू, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी शेखर दुबे के साथ सहगल ऑटो के समीप कसारीडीह नाला पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया ।
जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष तैयारीनिरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष तैयारी की जा रही है।जानकारी के अनुसार शंकर नाला मुक्तिधाम के पीछे से सफाई अभियान प्रारंभ कर सुराना कॉलेज केलबाड़ी नाला, पोटिया नाला सहित कसारीडीह नाला की व्यापक सफाई कराई जा रही है। साथ ही जलभराव संभावित स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।
समय पर पूरी होंगी सभी तैयारियां महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम प्रशासन बारिश पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए प्रतिबद्ध है। शहर के प्रमुख नालों एवं जलभराव संभावित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।वहीं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बताया कि बारिश के दौरान जलभराव एवं नाली जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए नियंत्रण व्यवस्था भी बनाई जा रही है।
संवेदनशील क्षेत्रों में निगम की टीम नियमित मॉनिटरिंग करेगी तथा शिकायत प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
