प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा सख्त: नशे के कारोबार पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश, कुम्हारी में रोबोटिक्स लैब का उद्घाटन

दुर्ग। जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शुक्रवार को लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में उन्होंने नशे के अवैध कारोबार पर सख्ती, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।

नशे के खिलाफ कार्रवाई में बढ़ोतरीएसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि एनडीपीएस के तहत कार्रवाई पिछले वर्ष के 107 मामलों से बढ़कर इस वर्ष 157 हो गई है। गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 262 से बढ़कर 330 पहुंच गई, जबकि जब्त मादक पदार्थों का मूल्य 1.40 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.88 करोड़ रुपये हो गया है।प्रभारी सचिव सोनमणि बोरा ने नशे की तस्करी से जुड़े नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करने, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने और टोल-फ्री नंबर 1933 का प्रचार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।कुम्हारी में रोबोटिक्स लैब का उद्घाटनसोनमणि बोरा ने पीएम श्री सेजेस कुम्हारी में रोबोटिक्स एवं विज्ञान प्रयोगशाला का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और तकनीकी शिक्षा देना जरूरी है। इससे उनमें वैज्ञानिक सोच, नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होगी। कार्यक्रम के बाद विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
आवास, शिक्षा और स्वास्थ्य की समीक्षाबैठक में सोनमणि बोरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लंबित प्रकरणों, राजस्व मामलों, सड़क निर्माण और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ देने, स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने तथा 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों के आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
