उरला-बघेरा नाला पहुंचीं महापौर अलका बाघमार, सफाई और अतिक्रमण पर दिए सख्त निर्देश

दुर्ग नगर निगम द्वारा आगामी बारिश को देखते हुए शहर में जलभराव और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार सुबह महापौर अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल ने वार्ड क्रमांक 57 एवं 58 क्षेत्र अंतर्गत उरला-बघेरा नाला पहुंचकर नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों ने बताया कि बारिश के समय नागरिकों को जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए शहर के प्रमुख नालों की व्यापक सफाई कराई जा रही है। शंकर नाला मुक्तिधाम के पीछे से शुरू हुए अभियान के तहत शंकर नगर नाला से लेकर पटरी पार वार्ड 57 और 58 तक युद्धस्तर पर सफाई कार्य जारी है। साथ ही जलभराव संभावित क्षेत्रों की पहचान कर आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।

महापौर अलका बाघमार ने कहा कि निगम प्रशासन बारिश पूर्व सभी आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहर के प्रमुख नालों और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि बारिश के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 57 क्षेत्र में नाला किनारे अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण की शिकायत पर महापौर और आयुक्त ने स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने अवैध निर्माण और नाला क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमण पर सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।नाला सफाई कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बारिश पूर्व सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा सफाई कार्यों में तेजी बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

इस दौरान एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, नरेंद्र बंजारे, लीना दिनेश देवांगन, शेखर चंद्राकर, पार्षद सरस निर्मलकर, रेशमा सोनकर सहित निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?