पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, राहुल शर्मा ने युवाओं के भविष्य को बताया खतरे में

पेपर लीक पर कांग्रेस का हमला, राहुल शर्मा ने युवाओं के भविष्य को बताया खतरे में

दुर्ग। दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राहुल शर्मा ने देशभर में सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा है कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों पर सीधा हमला है। राहुल शर्मा ने कहा कि आज छात्र-छात्राएं कड़ी मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक होने की घटनाओं से उनके भविष्य पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता लगातार भंग होने से युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ रहा है।उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कब तक युवा इस अव्यवस्था का शिकार होते रहेंगे। हर बार पेपर लीक होने के बाद केवल जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए तथा ऐसी मजबूत व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित न हो।

राहुल शर्मा ने कहा कि देश का युवा अब जवाब मांग रहा है। उनकी मेहनत, समय और उनके परिवारों की उम्मीदों का सम्मान होना चाहिए। सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए शिक्षा एवं भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए और युवाओं का विश्वास बहाल करना चाहिए।उन्होंने कहा कि हाल के महीनों में कांग्रेस नेताओं ने भी विभिन्न पेपर लीक मामलों को लेकर सरकार से जवाबदेही तय करने, निष्पक्ष जांच कराने तथा शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की मांग उठाई है।

कांग्रेस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?