नगरीय निकाय उपचुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत जनता के विश्वास और भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश का परिणाम : मुकेश साहू

नगरीय निकाय उपचुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत जनता के विश्वास और भाजपा सरकार के खिलाफ जनाक्रोश का परिणाम : मुकेश साहू

दुर्ग, 04 जून। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मुकेश साहू ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में हुए उपचुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत पर प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत केवल कांग्रेस पार्टी की नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता की जीत है। यह परिणाम स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि छत्तीसगढ़ की जनता वर्तमान भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक विफलताओं से पूरी तरह त्रस्त हो चुकी है तथा अब कांग्रेस के नेतृत्व में प्रदेश के बेहतर भविष्य की उम्मीद देख रही है।

मुकेश साहू ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन सरकार होने के बावजूद जनता को किसी प्रकार का लाभ नहीं मिल रहा है। नगर पंचायत घुमका, जगदलपुर, बिलासपुर एवं पंखाजूर सहित विभिन्न नगरीय निकायों के उपचुनावों में कांग्रेस की जीत इस बात का प्रमाण है कि जनता अब भाजपा के खोखले वादों और प्रचार से प्रभावित नहीं हो रही है। जनता ने अपने मत के माध्यम से सरकार को स्पष्ट संदेश दिया है कि वह प्रदेश में बढ़ती समस्याओं और जनविरोधी निर्णयों से असंतुष्ट है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदेश का आम नागरिक महंगाई की मार झेल रहा है। पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम और मध्यम वर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। दूसरी ओर युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। शिक्षित युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, लेकिन सरकार रोजगार सृजन के ठोस प्रयास करने में विफल रही है।मुकेश साहू ने कहा कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और अपराधों में वृद्धि हो रही है। महिलाओं, युवाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। वहीं सरकारी कार्यालयों में आम जनता के कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में संसाधनों और सुविधाओं की भारी कमी है। गरीब और जरूरतमंद मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।

कई स्थानों पर डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी के कारण मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के बड़े-बड़े दावे तो कर रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है।मुकेश साहू ने कहा कि प्रदेश में लगातार विभिन्न वर्गों द्वारा आंदोलन किए जा रहे हैं। किसान, मजदूर, कर्मचारी, युवा और व्यापारी वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। यह स्थिति दर्शाती है कि सरकार जनता की समस्याओं को सुनने और उनका समाधान करने में पूरी तरह असफल रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर प्रदेश में अंधाधुंध पेड़ों की कटाई की जा रही है, जिससे पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है।

वहीं कई क्षेत्रों में गरीबों और आदिवासियों को उनकी जमीनों से बेदखल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की नीतियों से समाज के कमजोर वर्गों में असुरक्षा और असंतोष का वातावरण पैदा हुआ है।मुकेश साहू ने कहा कि भाजपा सरकार जनता से किए गए अपने अधिकांश वादों को पूरा करने में विफल रही है। चुनाव के समय किए गए बड़े-बड़े दावे आज केवल घोषणाओं तक सीमित होकर रह गए हैं। प्रदेश की जनता अब सरकार की वास्तविकता को समझ चुकी है और यही कारण है कि नगरीय निकाय उपचुनावों में कांग्रेस को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हुआ है।

उन्होंने कहा कि उपचुनावों के परिणाम आगामी विधानसभा चुनावों की दिशा और दशा दोनों को स्पष्ट कर रहे हैं। जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है और कांग्रेस के प्रति उसका विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। कांग्रेस हमेशा से गरीबों, किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।अंत में मुकेश साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेश की जनता के विश्वास पर खरा उतरने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।

नगरीय निकाय उपचुनावों के परिणाम यह स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मजबूत स्थिति में होगी और जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में पुनः कांग्रेस की सरकार बनेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?