डोमनपुर और झिरियाखुर्द में SWM Rule 2026 पर कार्यशाला, चार प्रकार के कचरा पृथक्करण की दी जानकारी

पंडरिया। ग्राम पंचायत भवन झिरियाखुर्द में बुधवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 (SWM Rule 2026) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में ग्राम पंचायत डोमनपुर एवं झिरियाखुर्द के जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता दीदियों और ग्रामीणों को कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन एवं पृथक्करण की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि अब घर-घर से चार प्रकार के कचरे का अलग-अलग संग्रहण किया जाएगा।

इसमें गीला कचरा, सूखा कचरा, सेनेटरी कचरा तथा घरेलू हानिकारक कचरा शामिल हैं। विशेषज्ञों ने कहा कि कचरे का सही पृथक्करण और उचित निस्तारण गांवों को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ ODF प्लस मॉडल ग्राम के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।कार्यशाला में डोमनपुर और झिरियाखुर्द के सरपंच, पंचगण एवं स्वच्छता दीदियां बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। उन्हें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के पालन और घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा किट का भी वितरण किया गया। किट में मास्क, दस्ताने, जैकेट, जूते और एप्रन सहित अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थी, जिससे वे सुरक्षित तरीके से अपने कार्यों का निर्वहन कर सकें।डोमनपुर के सरपंच ने कहा कि SWM Rule 2026 का पालन प्रत्येक पंचायत की जिम्मेदारी है। चार प्रकार के कचरे को अलग-अलग एकत्रित कर ही गांव को स्वच्छ, सुंदर और बीमारी मुक्त बनाया जा सकता है।
वहीं झिरियाखुर्द के सरपंच ने स्वच्छता दीदियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गांव की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।कार्यशाला के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वच्छता और कचरा पृथक्करण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
