जनदर्शन में 140 आवेदन पहुंचे, पट्टे की जमीन पर कब्जा दिलाने और फोरलेन सड़क की नापजोख को लेकर उठी मांग
दुर्ग, 24 जून 2026। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनदर्शन में अवैध कब्जा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, पट्टा, सड़क निर्माण, आर्थिक सहायता और ऋण पुस्तिका सुधार सहित विभिन्न विषयों से जुड़े कुल 140 आवेदन प्राप्त हुए।
कार्यक्रम में भिलाई की एक विधवा महिला ने वर्ष 1998 में राजीव गांधी आश्रय योजना के तहत आवंटित पट्टे की जमीन का चिन्हांकन कर कब्जा दिलाने की मांग की। महिला ने बताया कि उन्हें आज तक जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं मिल सकी है, जबकि वर्तमान में बीएसपी क्वार्टरों के ध्वस्तीकरण के कारण उनके परिवार के सामने आवास का संकट खड़ा हो गया है।
कलेक्टर ने मामले में तहसील नजूल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।वहीं बोरसी क्षेत्र के निवासियों ने प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण में एक समान मानक अपनाने की मांग करते हुए सड़क की चौड़ाई 22 मीटर के बजाय 20 मीटर रखने का आवेदन सौंपा। उनका कहना है कि सड़क के एक हिस्से में अधिक चौड़ाई किए जाने से स्थानीय लोगों की निजी संपत्तियां प्रभावित होंगी। कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता को मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा धनोरा स्थित शकुंतला नगर के रहवासियों ने एक मकान में बड़ी संख्या में पालतू कुत्ते रखे जाने की शिकायत दर्ज कराई। रहवासियों के अनुसार करीब 50 कुत्तों को रखने और उन्हें बिना निगरानी के छोड़ने से क्षेत्र में भय का माहौल है तथा कई बार राहगीरों और मवेशियों पर हमले की घटनाएं भी सामने आई हैं। कलेक्टर ने एसडीएम दुर्ग को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों पर कलेक्टर ने गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
