भिलाई में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 4 कोचिंग सेंटर सील, सुरक्षा मानकों में मिली गंभीर खामियां

भिलाई में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 4 कोचिंग सेंटर सील, सुरक्षा मानकों में मिली गंभीर खामियां

भिलाई। विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के चार प्रमुख कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है। लखनऊ में हुए चर्चित कोचिंग सेंटर अग्निकांड के बाद जिले में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। प्रशासन और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में कई गंभीर सुरक्षा खामियां सामने आने के बाद तत्काल प्रभाव से संस्थानों पर ताला लगा दिया गया।

जांच के दौरान वेदांतु, CAT, मोशन और रामा कोचिंग सेंटर में फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक मानकों का पालन नहीं पाया गया। कई संस्थानों के पास फायर एनओसी नहीं थी, जबकि कुछ जगहों पर फायर अलार्म सिस्टम, अग्निशमन यंत्र और अन्य सुरक्षा उपकरण पर्याप्त संख्या में उपलब्ध नहीं मिले। निरीक्षण टीम को कई भवनों में इमरजेंसी एग्जिट की व्यवस्था भी नहीं मिली, जो किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना गया।

प्रशासन ने पाया कि कुछ कोचिंग सेंटरों में पर्याप्त वेंटिलेशन, सुरक्षित आवागमन मार्ग और आपदा प्रबंधन संबंधी मूलभूत व्यवस्थाओं का भी अभाव था। अधिकारियों ने इसे विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सभी कोचिंग संस्थानों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आने वाले दिनों में जिले के अन्य कोचिंग सेंटरों की भी जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?