भिलाई/ वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम प्रसंग के चलते युवती की हत्या करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को खुशी साहू अपने किराये के कमरे में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली थी।
रूममेट की सूचना पर उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद वैशाली नगर थाना में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी लाकेश्वर साहू उर्फ पिंटू (24 वर्ष), निवासी सकरी, जिला बलौदाबाजार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी मृतका से एकतरफा प्रेम करता था। युवती द्वारा बातचीत से इंकार करने पर उसने पहले से योजना बनाकर रायपुर से भिलाई पहुंचकर धारदार हथियार साथ लाया। पहचान छिपाने के लिए उसने दो शर्ट और पैंट के अंदर बरमूडा पहन रखा था। कमरे में विवाद के दौरान उसने पहले युवती का गला दबाया, फिर धारदार हथियार से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने अपने कपड़े और जूते नदी में फेंककर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया है।दुर्ग पुलिस ने इस मामले के त्वरित खुलासे का श्रेय थाना वैशाली नगर पुलिस और एसीसीयू (ACCU) टीम को दिया है। साथ ही नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या महिलाओं के खिलाफ हिंसा की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
