दुर्ग में पार्थिव शिवलिंग का भव्य रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रों और भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

दुर्ग। सावन माह के पावन अवसर पर दुर्ग शहर के गंजपारा स्थित माहेश्वरी ट्रेडर्स परिसर में सोमवार को पार्थिव शिवलिंग के भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। ममता–महेश टावरी परिवार द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में शहर के सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। वैदिक मंत्रोच्चारण, मधुर शिवभजनों और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
आमगांव से आए भोले के दीवाने ग्रुप के प्रमुख मनीष शर्मा एवं उनकी टीम ने सात आकर्षक पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण किया, जिनकी सुंदरता ने सभी श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। लगभग 100 से अधिक विवाहित जोड़ों ने सातों शिवलिंगों के चारों ओर बैठकर विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। श्रद्धालुओं का कहना था कि दुर्ग में इस प्रकार का आकर्षक और सुव्यवस्थित पार्थिव शिवलिंग रुद्राभिषेक पहली बार देखने को मिला।
पूजन के दौरान पंडितों के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव का पंचामृत (दूध, दही, घी, शहद एवं शक्कर), गंगाजल, नर्मदा जल, गुलाब जल, गन्ने का रस, अनार का रस, भांग सहित विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया गया। भोले के दीवाने ग्रुप ने प्रत्येक पूजन सामग्री के धार्मिक महत्व और उसके उपयोग का भी श्रद्धालुओं को विस्तार से बताया। वहीं मधुर शिवभजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते और नृत्य करते नजर आए।रुद्राभिषेक के पश्चात भगवान भोलेनाथ का भांग, भस्म, चंदन, बेलपत्र, पुष्प, फल एवं वस्त्रों से मनोहारी श्रृंगार किया गया।
इसके बाद महाआरती संपन्न हुई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। संध्या से पूर्व पार्थिव शिवलिंगों का विधिवत पूजन कर पवित्र शिवनाथ नदी में विसर्जन किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक भोजन प्रसादी ग्रहण की।इस अवसर पर ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, राजेंद्र साहू, प्रतिमा चंद्राकर, आई.पी. मिश्रा, आर.एन. वर्मा, धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव, चतुर्भुज राठी, अशोक राठी, कृष्ण कुमार टावरी, कैलाश रूंगटा, योगेंद्र शर्मा, मुकेश राठी, राकेश शर्मा, अजय शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, मनोज टावरी, संजय शर्मा, गोपाल शर्मा, विजय जैन, रामदेव टावरी, संतोष चांडक, विनय चांडक, नरेंद्र राठी, मनोज भूतड़ा, आलोक सुराना, प्रमोद जोशी, दिनेश शर्मा, सुरेंद्र राठी, सुजल शर्मा, दिनेश टावरी, पंकज राठी, पूनमचंद पुरोहित, मनोज गुप्ता सहित सैकड़ों धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
