सावन के अंतिम सोमवार पर दुर्ग में उमड़ा कांवरियों का सैलाब, बोल बम के जयघोष से गूंजा शहर

सावन के अंतिम सोमवार पर दुर्ग में उमड़ा कांवरियों का सैलाब, बोल बम के जयघोष से गूंजा शहर

दुर्ग। सावन के अंतिम सोमवार को दुर्ग में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बम कांवरिया संघ ढीमरपारा दुर्ग के तत्वावधान में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य जल कांवर यात्रा एवं शिवनाथ नदी में गंगा महाआरती का आयोजन किया गया। यात्रा में हजारों की संख्या में कांवरिए शामिल हुए। ‘बोल बम’ और ‘श्री शिवाय नमस्तुभ्यं’ के जयघोष से पूरा शहर शिवमय नजर आया।

कांवरियों ने शिवनाथ नदी के महमरा घाट से जल उठाया और गंजपारा, शक्ति चौरा, शनिचरी बाजार, ढीमरपारा, चंडी चौक, सरस्वती नगर, नया पारा और बघेरा होते हुए कोटनी स्थित अर्धनारीश्वर शिव धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।यात्रा में भगवान शिव की चलित झांकी, ढोल-नगाड़े और आकर्षक कांवर सजावट ने लोगों का ध्यान खींचा। रास्ते में विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और समाजसेवियों ने कांवरियों का स्वागत किया।

कई स्थानों पर शरबत और फलों की व्यवस्था की गई, वहीं पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया।इस दौरान शिवनाथ नदी तट पर भव्य गंगा महाआरती भी आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लोग शामिल हुए। संघ द्वारा कांवर सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। प्रतियोगिता में यशवंत बम टीम बघेरा ने प्रथम, कृष्णा बम टीम ढीमरपारा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि वेशभूषा में गीता सत्या ढीमर को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम में सरपंच संघ अध्यक्ष ओमेश्वर राजू यादव, सरोज रिगरी, दासू ढीमर, शकुन ढीमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख, समाजसेवी और शिवभक्त मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में बम कांवरिया संघ के संरक्षक प्रदीप सपहा, अध्यक्ष विष्णु ढीमर सहित संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?