भारत-नेपाल के शैक्षिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने की पहल का अभाविप ने किया स्वागत

भारत-नेपाल के शैक्षिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती देने की पहल का अभाविप ने किया स्वागत

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के भारत आगमन को बताया ऐतिहासिक, शिक्षा, शोध और कौशल विकास में सहयोग से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

नई दिल्ली। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने नेपाल के प्रधानमंत्री श्री बालेन शाह के भारत आगमन के अवसर पर दोनों देशों के बीच शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में की गई पहलों का स्वागत किया है। अभाविप ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं सामाजिक संबंध हैं। शिक्षा, कृषि, चिकित्सा और कौशल विकास के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ने से दोनों देशों के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे।

भारत सरकार द्वारा नेपाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास के लिए दिए गए सहयोग को अभाविप ने दोनों देशों की पारस्परिक मैत्री और प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। वहीं, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह द्वारा भारतीय नागरिकों को पशुपतिनाथ, मुक्तिनाथ, जनकपुर, लुंबिनी सहित प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन के लिए आमंत्रित किए जाने को साझा विरासत और आत्मीय संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया।

दोनों देशों के बीच शैक्षिक सहयोग के तहत नेपाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) का परिसर स्थापित करने, कानून, प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के क्षेत्र में छात्रवृत्ति और प्रशिक्षण के अवसर बढ़ाने तथा शिक्षकों एवं विशेषज्ञों के आदान-प्रदान जैसी पहल प्रस्तावित हैं। इसके अलावा लुंबिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में नालंदा केंद्र, कृषि अनुसंधान के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) का उत्कृष्टता केंद्र तथा व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने जैसे विषयों पर भी सहमति बनी है।

अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल राजनीतिक या भौगोलिक नहीं, बल्कि सदियों पुराने सांस्कृतिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक संबंधों पर आधारित हैं। दोनों देशों के युवाओं के बीच शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल के प्रधानमंत्री द्वारा भारतीय नागरिकों को नेपाल के प्रमुख आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन का आमंत्रण दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ करेगा।

डॉ. सोलंकी ने नेपाल में IIT परिसर की स्थापना तथा उच्च शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण के क्षेत्र में सहयोग के विस्तार को युवाओं के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि अभाविप इन पहलों का अभिनंदन करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच बढ़ता शैक्षिक एवं सांस्कृतिक सहयोग भविष्य में दोनों देशों की मैत्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?