नवरात्रि की पंचमी पर कृष्णा ने बच्चों संग मनाया जन्मदिन, परिवार ने कराया न्योता भोज
रहमान कापा स्कूल में खीर-पूड़ी का भोज, बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी; विद्यालय परिवार ने की पहल की सराहना

पंडरिया। नवरात्रि के पावन पर्व पर पंचमी के शुभ अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में जन्मदिन की खुशियां बच्चों के साथ साझा करने की एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। विद्यालय में कक्षा दूसरी के विद्यार्थी कृष्णा के जन्मदिवस पर उनके परिवार ने न्योता भोज का आयोजन कराया। इस दौरान विद्यालय के सभी बच्चों को प्रेमपूर्वक खीर-पूड़ी परोसी गई।
बच्चों ने उत्साह के साथ भोज का आनंद लिया और कृष्णा के जन्मदिन को यादगार बनाया।कृष्णा के जन्मदिन को खास बनाने के लिए उनके पिता राजेश यादव, माता जया यादव सहित परिवार के सदस्य लक्ष्मी यादव, संतोषी यादव, नीतू यादव, पलक और आयुष उपस्थित रहे। इस अवसर पर कृष्णा की माता जया यादव और उनकी बड़ी मां ने स्वयं बच्चों को खीर-पूड़ी परोसी। परिवार के सदस्यों ने बच्चों के बीच समय बिताकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं।
इस आत्मीय आयोजन से विद्यालय का वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया।विद्यालय के प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे एवं शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे विशेष अवसर पर बच्चों के साथ खुशियां बांटना समाज के लिए प्रेरणादायी संदेश है। न्योता भोज जैसी पहल से विद्यालय और समुदाय के बीच संबंध मजबूत होते हैं। साथ ही बच्चों में आपसी सहयोग, समानता, अपनत्व और सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में जुड़ावन धुर्वे, मुमताज यादव एवं तुलसी सहित विद्यालय के सभी बच्चे उपस्थित रहे। बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति के बीच आयोजित न्योता भोज हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।खुशियां बांटने की बनी प्रेरणाकृष्णा के परिवार की इस पहल ने यह संदेश दिया कि जन्मदिन की खुशियां केवल अपने तक सीमित रखने के बजाय बच्चों के साथ साझा कर उसे और भी खास बनाया जा सकता है।
अंत में विद्यालय परिवार ने यादव परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया तथा कृष्णा को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
