शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी को मिला मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण “शिक्षादूत” सम्मान
मानपुर मोहला / वनांचल मानपुर में सहायक शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी द्वारा अपने विद्यालय को आकर्षक बनाने, बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, उनकी शैक्षणिक दक्षता में किए गए नवाचार और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग के द्वारा तैयारी करवाने के लिए स्कूल के अवकाश के दिनों में अतिरिक्त समय देने के फलस्वरूप स्कूल शिक्षा विभाग जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी द्वारा मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण “शिक्षादूत सम्मान” सम्मान नवाजा गया।
11 सितम्बर 2026 को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय मोहला में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक श्री इन्द्रशाह मंडावी जी हाथों से यह सम्मान प्रदान किया गया। इस कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह जी विशेष अतिथि एवं श्री लखन कलामे जिला पंचायत सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं शिक्षाविद् की उपस्थिति में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी श्री योगदास साहू जी ने बताया कि यह सम्मान प्रति वर्ष शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रत्येक विकासखंड के तीन उत्कृष्ट शिक्षक को यह सम्मान प्रदान किया जाता हैं। शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी अपनी शाला प्राथमिक शाला हनईकलखुर्द में नित नए नवाचार, वैज्ञानिक प्रयोग, खेल-खेल में शिक्षा के माध्यम से शिक्षा प्रदान कर रहे हैं।
विदित हो कि शिक्षक द्वारा अपनी शाला को स्वयं के व्यय से रंगरोगण, आकर्षक पेंटिंग कार्य का शाला को आकर्षित और सुंदर बनाया है। पर्यावरण संरक्षण के लिए शिक्षक ने बच्चों के साथ मिलकर 1000 सीड बाल का निर्माण कर उन सीड बाल को खाली पड़े जमीन पर छिड़काव किया, आज अधिकांश ये सीडबाल छोटे पौधों के रूप में स्वयं से रोपित हो गए हैं।
गत वर्ष नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा हेतु मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन इनके द्वारा किया गया तथा एकलव्य विद्यालय के लिए निःशुल्क कक्षाएं प्रत्येक शनिवार और रविवार को लगाई गई। परिणाम स्वरूप 7 बच्चों का चयन नवोदय एवं 28 बच्चों का चयन एकलव्य आवासीय विद्यालय में हुआ है। इस वर्ष भी इन शिक्षकों द्वारा टीम बनाकर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा हेतु निःशुल्क कक्षाएं प्रत्येक शनिवार और रविवार तथा अवकाश दिनों में लगातार संचालित है।
विदित हो कि शिक्षक के उल्लेखनीय कार्यों के फलस्वरूप विगत स्वतंत्रता दिवस पर ग्राम पंचायत मानपुर द्वारा आयोजित कार्यक्रम में तात्कालिक कलेक्टर श्रीमति तुलिका प्रजापति द्वारा शिक्षक को सम्मानित किया गया था। वहीं दैनिक भास्कर प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन पीएम श्री आत्मानंद स्कूल मानपुर में हुआ जिसमें छग शासन के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव जी द्वारा भी शिक्षक को सम्मानित किया गया हैं।
शिक्षक नरेन्द्र कुमार मानिकपुरी को “शिक्षादूत” पुरस्कार मिलने पर शाला परिवार हनईकलखुर्द, समस्त ग्रामीण, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ए आर कौर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री अरुण कुमार मरकाम, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सु जाहिदा खान एवं मानपुर विकासखंड के समस्त शिक्षको ने बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित किया है।
