बाबा बैद्यनाथ धाम की पावन यात्रा पर दुर्ग से रवाना हुआ 200 शिवभक्तों का पहला जत्था, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा रेलवे स्टेशन

बाबा बैद्यनाथ धाम की पावन यात्रा पर दुर्ग से रवाना हुआ 200 शिवभक्तों का पहला जत्था, ‘बोल बम’ के जयघोष से गूंज उठा रेलवे स्टेशन

दुर्ग, 31 जुलाई। सावन माह के शुभारंभ के साथ ही शिवभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर, झारखंड) में जलाभिषेक के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन से शुक्रवार को बोलबम सेवा समिति, गंजपारा के लगभग 200 शिवभक्तों का पहला जत्था विशेष ट्रेन से रवाना हुआ। स्टेशन परिसर “बोल बम”, “हर-हर महादेव” और “जय भोलेनाथ” के गगनभेदी जयघोषों से देर तक गुंजायमान रहा।भगवा वस्त्र धारण किए, कंधों पर कांवड़ लिए और शिवभक्ति में सराबोर श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

सावन के पहले दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा पर निकले। श्रद्धालुओं के स्वागत एवं विदाई के लिए बड़ी संख्या में नागरिक भी रेलवे स्टेशन पहुंचे।यात्रा को कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर श्रीमती अलका बाघमार, नगर निगम सभापति श्याम शर्मा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल एवं आर.एन. वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस दौरान श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर सम्मान किया गया और उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की गई।बोलबम सेवा समिति के मनोज गुप्ता (लाला) एवं सुरेश गुप्ता ने बताया कि यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कैबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट किया, जबकि पूर्व विधायक अरुण वोरा ने प्रदेश एवं देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में अर्पित करने के लिए त्रिशूल भेंट किया।

इस अवसर पर गजेन्द्र यादव ने कहा कि धार्मिक यात्राएं केवल आस्था का विषय नहीं होतीं, बल्कि समाज में सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और भाईचारे को भी मजबूत करती हैं। वहीं अरुण वोरा ने कहा कि बाबा धाम यात्रा सामूहिक अनुशासन, एकता और भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। विधायक ललित चंद्राकर ने सभी श्रद्धालुओं की सुखद एवं सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ सभी भक्तों पर अपनी कृपा बनाए रखें।यात्रा के दौरान समाजसेवा का भी प्रेरणादायी उदाहरण देखने को मिला।

शिवभक्त प्रकाश ठाकुर, जो पेशे से मेडिकल स्टोर संचालक हैं, अपने साथ दर्द निवारक दवाइयां, लोशन, उपयोगी पाउडर सहित आवश्यक औषधियां लेकर यात्रा पर निकले हैं। वे पूरी यात्रा के दौरान जरूरतमंद शिवभक्तों को यह सामग्री निःशुल्क उपलब्ध कराएंगे, जिसकी सभी श्रद्धालुओं ने सराहना की।यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में आस्था, उत्साह और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला।

विशेष रेलगाड़ी से रवाना हुआ यह जत्था देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक एवं दर्शन करेगा।इस अवसर पर सत्ती चौरा दुर्गा मंदिर के संरक्षक अजय शर्मा, नवल अग्रवाल, जन समर्पण सेवा संस्था के अध्यक्ष बंटी शर्मा, गंजपारा दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि पीडियार, रायसिंह ढिकोला, फत्ते भाटिया, शिव नायक, विवेक मिश्रा, गुरदीप भाटिया, विकास पुरोहित, राहुल शर्मा, सतबीर शर्मा, ऋषि साहू, सुजल शर्मा, भार्गव चक्रधारी, शिबू मिर्जा, सुधीर कुमार, दिनेश शर्मा, राकेश महोबिया सहित सैकड़ों शिवभक्त उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?