भिलाई में 29 नवंबर को छत्तीसगढ़ डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज का 51वां पारिवारिक मिलन एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन

29 नवंबर को भिलाई विद्यालय मैदान सेक्टर-2 में होगा आयोजन, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल होंगे शामिल
भिलाई। छत्तीसगढ़ डड़सेना (सिन्हा) कलार समाज जनकल्याण समिति की ओर से 29 नवंबर को भिलाई नगर के सेक्टर-2 स्थित भिलाई विद्यालय मैदान में पारिवारिक मिलन समारोह एवं युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। समाज का यह आयोजन 51वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शामिल होने की संभावना है।समाज के जनकल्याण समिति अध्यक्ष सुमन सागर सिन्हा ने आयोजन की जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम में युवक-युवती परिचय सम्मेलन के साथ सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य समाज के परिवारों को एक मंच पर लाना, आपसी संबंधों को मजबूत करना और सामाजिक एकता एवं संगठन को नई मजबूती प्रदान करना है। उन्होंने समाज के सभी स्वजनों से सपरिवार कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की।
वहीं, समिति के महासचिव नवीन कुमार सिन्हा ने कहा कि समाज के 51वें वर्ष में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और पारिवारिक जुड़ाव की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। युवक-युवती परिचय सम्मेलन से विवाह योग्य युवाओं और उनके परिवारों को परिचय का अवसर मिलेगा, वहीं पारिवारिक मिलन से समाज के लोगों के बीच आपसी समन्वय और संबंधों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने सभी सामाजिक बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया ।
