नवजात बेटियों की माताओं को पौधा भेंट कर दिया बेटी सम्मान और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
दुर्ग। स्व. पांडुरंग रामाराव जिला चिकित्सालय के मातृत्व एवं शिशु विभाग (MCH) के तृतीय तल में नवजात बच्चियों की माताओं को पौधा भेंट कर बेटी सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान 10 नवजात बच्चियों की माताओं को पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए।
जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नवजात बेटियों के सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण और समाज में सकारात्मक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि बेटी के जन्म को उत्सव और पौधे को उसके उज्ज्वल भविष्य की हरियाली से जोड़ते हुए यह पहल की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि यह अभियान की तीसरी श्रृंखला थी। कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के मुखिया सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता ध्रुवे ने विशेष अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर दिलीप ठाकुर, के.आर. मुदलियार, सीता राम ठाकुर, संजय कानखोजे, खिलावन चंद्राकर सहित अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा।
नवजात बच्चियों की माताओं को पौधे भेंट करने की इस पहल को बेटी के सम्मान के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाली संवेदनशील और प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा गया।
