कबरा कान हाथी का आतंक जारी, शौच के लिए घर से निकले ग्रामीण को कुचलकर मार डाला

कबरा कान हाथी का आतंक जारी, शौच के लिए घर से निकले ग्रामीण को कुचलकर मार डाला, तीन दिन में तीन मौतों से दहशत

सूरजपुर। जिले में कबरा कान हाथी का आतंक लगातार जारी है। हाथी के हमलों से ग्रामीणों की जान जाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला सूरजपुर वन परिक्षेत्र के कांदरई इलाके से सामने आया है, जहां शौच के लिए घर से बाहर निकले एक ग्रामीण को कबरा कान हाथी ने कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

बताया जा रहा है कि ग्रामीण रोजमर्रा की जरूरत के चलते घर से बाहर निकला था, तभी उसका सामना कबरा कान हाथी से हो गया। हाथी ने ग्रामीण पर हमला कर उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। क्षेत्र में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।सबसे चिंताजनक बात यह है कि कबरा कान हाथी बीते तीन दिनों के भीतर तीन लोगों की जान ले चुका है। वहीं, ग्रामीणों का दावा है कि अब तक यह हाथी एक दर्जन से अधिक लोगों की जान ले चुका है।

लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों के मन में भय पैदा कर दिया है। लोग शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं और सुबह भी अकेले घर से बाहर निकलने में डर रहे हैं।लगातार हो रही जनहानि को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा अब वन विभाग के खिलाफ बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब हाथी लगातार जानलेवा हमले कर रहा है और उसकी गतिविधियों की जानकारी वन विभाग को है, तो फिर समय रहते प्रभावी सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए जा रहे हैं?

हाथी की निगरानी, ग्रामीणों को समय पर सूचना देने, संवेदनशील गांवों में सतर्कता बढ़ाने और हाथी प्रभावित क्षेत्रों में बचाव के पुख्ता इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग केवल घटना के बाद मुआवजे और औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि लोगों की जान बचाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करे।फिलहाल कांदरई और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही मौतों ने मानव-हाथी संघर्ष की गंभीरता को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

अब देखना होगा कि वन विभाग इस खूंखार हाथी की गतिविधियों पर नियंत्रण और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?