सुकमा के चिंतलनार जंगल में नक्सलियों का हथियार डम्प बरामद, 8 देसी हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त
सुकमा। सुकमा जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार के जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री के डम्प का खुलासा हुआ है। आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली सूचना के आधार पर गुण्डराजगुड़ेम-रासापल्ली क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में हथियार, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद की गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने 8 देसी हथियार बरामद किए, जिनमें 2 सिंगल शॉट और 6 भरमार बंदूक शामिल हैं।
इसके अलावा 229 जिंदा कारतूस बरामद किए गए, जिनमें AK-47 के 98 राउंड भी शामिल हैं। मौके से करीब 10 से 12 किलो वजन का टिफिन बम, 3 हैंड ग्रेनेड, 4 तीर बम और 10 डेटोनेटर भी मिले हैं।सर्चिंग अभियान के दौरान हथियारों के साथ मैगजीन, वायरलेस सेट, नक्सली वर्दी और नक्सली साहित्य भी बरामद किया गया। इस अभियान में जिला बल, DRG और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम शामिल रही। कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक (IG) एवं पुलिस अधीक्षक (SP) के मार्गदर्शन में की गई।
सुकमा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नक्सलियों द्वारा जंगलों में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक डम्प की तलाश एवं उनके विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
