खैरागढ़-लांजी मार्ग पर पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर, 23 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल

खैरागढ़-लांजी मार्ग पर पिकअप और बाइक की भीषण टक्कर, 23 वर्षीय युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल ग्राम पांडादाह में बुधवार सुबह हुआ हादसा, खून की जांच कराने जा रहे थे दोनों युवक

खैरागढ़। खैरागढ़-लांजी मार्ग पर ग्राम पांडादाह में बुधवार सुबह सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में बाइक चला रहे 23 वर्षीय पिंटू पटेल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार, ग्राम साल्हेवारा निवासी पिंटू पटेल (23), पिता अमरूद पटेल, अपने साथी बसंत पटेल (20) के साथ बाइक से पांडादाह स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में खून की जांच कराने जा रहे थे।

इसी दौरान बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे ग्राम पांडादाह के पास खैरागढ़ की ओर से आ रहे पिकअप वाहन क्रमांक CG 17 KS 9511 से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पिंटू पटेल के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बसंत पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए।दुर्घटना की सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मृतक के शव को खैरागढ़ शवगृह लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?