स्कूल शिक्षा विभाग में लिपिक वर्गीय पदोन्नति लंबित, कर्मचारियों में गहरा रोष

दुर्ग।स्कूल शिक्षा विभाग में जहां प्राचार्य, व्याख्याता एवं प्रधानपाठक पदों पर व्यापक स्तर पर पदोन्नति की कार्यवाही की जा चुकी है, वहीं लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की पदोन्नति कई वर्षों से लंबित है। संयुक्त संचालक शिक्षा, संभाग दुर्ग के कार्यालय में वरिष्ठ लेखा परीक्षक एवं सहायक ग्रेड-1 के रिक्त पद लंबे समय से खाली होने के बावजूद अब तक पदोन्नति की प्रक्रिया प्रारंभ नहीं की गई है।
इस संबंध में संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, नवा रायपुर द्वारा पत्र क्रमांक/स्था-04-ई/विविध/दुर्ग/2024/672, दिनांक 31/12/2024 को स्पष्ट निर्देश जारी किए गए थे कि लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की लंबित पदोन्नति प्रक्रिया पूर्ण की जाए। फिर भी जिम्मेदार विभागों द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने पर लिपिकों में व्यापक असंतोष पैदा हो गया है।लिपिक वर्गीय संघ एवं कर्मचारियों का कहना है कि अन्य संवर्गों में नियमित रूप से पदोन्नति की प्रक्रिया चल रही है जबकि लिपिक संवर्ग के साथ लगातार भेदभावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
इससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।इसी मुद्दे को उठाते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा दुर्ग के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के मीडिया प्रभारी भानुप्रताप यादव ने कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन प्रेषित कर शीघ्र पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करने की मांग की है।
ज्ञापन में उन्होंने मांग की है कि शासन के निर्देशों के अनुरूप वरिष्ठ लेखा परीक्षक एवं सहायक ग्रेड-1 के रिक्त पदों पर तत्काल प्रभाव से पदोन्नति की कार्यवाही की जाए, ताकि लिपिक वर्गीय कर्मचारियों के बीच व्याप्त असंतोष समाप्त हो सके।
