अटल डिजिटल सेवा केंद्र से ग्रामीणों को मिलेगी सुगम व पारदर्शी सेवाएँ, समीक्षा बैठक में जारी हुए महत्वपूर्ण निर्देश

अटल डिजिटल सेवा केंद्र से ग्रामीणों को मिलेगी सुगम व पारदर्शी सेवाएँ, समीक्षा बैठक में जारी हुए महत्वपूर्ण निर्देश

दुर्ग/ ग्रामीणों को शासकीय सेवाएँ सरल, सुगम और पारदर्शी ढंग से उपलब्ध कराने की दिशा में जिले में एक नई पहल के रूप में अटल डिजिटल सेवा केंद्र को गति मिली है। इसी कड़ी में जिला पंचायत दुर्ग के सभाकक्ष में अटल डिवीजन अंतर्गत अटल डिजिटल सेवा केंद्र के प्रभावी संचालन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में पंचायत सचिव, राष्ट्रीय आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाएँ तथा स्वच्छता समूह की सदस्याएँ उपस्थित रहीं।

बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा की गई। उन्होंने अटल डिजिटल सेवा केंद्र को ग्रामीणों के लिए सुविधाजनक, सुचारू और पूरी तरह पारदर्शी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।इस अवसर पर उपसंचालक पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्री आकाश सोनी, CSC प्रतिनिधि श्री अवधेश कुमार एवं समाज शिक्षा संगठन से श्रीमती अंजलि भी उपस्थित रहीं।बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश प्रत्येक ग्राम पंचायत भवन में प्रतिदिन न्यूनतम 2 से 3 घंटे अटल डिजिटल सेवा केंद्र की बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित की जाएगी।

केंद्र से संबंधित सभी गतिविधियों एवं बैठकों की जानकारी नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित की जाएगी।सेवा केंद्र संचालन हेतु VLE ID का निर्माण अनिवार्य होगा।ग्रामीणों तक अधिकतम जानकारी पहुँचाने के लिए मुंडेर, पंचायत सूचना बोर्ड, व्हाट्सएप ग्रुप सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से ग्रामीण पेंशन, महतारी वंदना योजना, किसान सम्मान निधि सहित सभी शासकीय सेवाओं की राशि ग्रामीणों को निशुल्क प्राप्त होगी।

ग्राम पंचायत भवन में दो स्थानों पर अटल डिवीजन – अटल डिजिटल सेवा केंद्र का बोर्ड/फ्लेक्स लगाया जाएगा, जिसमें संबंधित VLE (रियली) का नाम एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रहेगा।मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने निर्देशित किया कि अटल डिजिटल सेवा केंद्र के माध्यम से सभी शासकीय सेवाएँ समयबद्धता एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रदान की जाएँ, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणजन इन सेवाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्रामीणों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को और मजबूत करेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?