पाटन में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सम्पन्न, प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकारों का किया सम्मान

पाटन। श्रमजीवी पत्रकार संघ छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में पाटन के विश्राम गृह में जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पत्रकारों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। सम्मेलन का आयोजन प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी के मार्गदर्शन में जिलाध्यक्ष ललित साहू के नेतृत्व तथा पाटन ब्लॉक अध्यक्ष अनिल साहू एवं उनकी पूरी टीम द्वारा किया गया।कार्यक्रम में दुर्ग संभाग अध्यक्ष छगन साहू सहित प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार, जिले के पदाधिकारी व सदस्य तथा दुर्ग संभाग के सभी जिलों व ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन जिलाध्यक्ष ललित साहू ने किया।सम्मेलन की शुरुआत माँ सरस्वती के तेलचित्र पर पुष्पमाला अर्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। संभाग अध्यक्ष छगन साहू ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन एक परिवार की तरह है, जिसे एकजुटता के साथ आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। संगठन की मजबूती तभी संभव है जब सभी पत्रकार मिलकर, एक-दूसरे का साथ देते हुए कार्य करें—“एक रहें, मजबूत रहें” ही संगठन की पहचान है।प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने अपने उद्बोधन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर कदम से कदम मिलाकर संघर्ष करेगा।
साथ ही संगठन के विस्तार, एकता और नए पत्रकार साथियों को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।स्वागत भाषण के पश्चात उपस्थित सभी पत्रकारों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद सभी पत्रकारों ने एक साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सभी को साथ लेकर चलना ही श्रमजीवी पत्रकार संघ का मूल उद्देश्य है।कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने सम्मेलन में पहुंचे सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सराहना की और बधाई दी।
वहीं पाटन ब्लॉक अध्यक्ष अनिल साहू ने भी सम्मेलन में शामिल सभी पत्रकारों का धन्यवाद ज्ञापित किया।सम्मेलन में सौ से अधिक पत्रकारों की सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं यादगार बन गया।
