मां-बेटे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, ‘दृश्यम’ की तर्ज पर रची साजिश, पति निकला हत्यारा

मां-बेटे की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, ‘दृश्यम’ की तर्ज पर रची साजिश, पति निकला हत्यारा

कोंडागांव।छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से मां-बेटे की हत्या का एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। फरसागांव थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी और तीन साल के मासूम बेटे की निर्मम हत्या कर दी और इसके बाद पूरे मामले को फिल्म दृश्यम की तर्ज पर रचकर पुलिस को गुमराह करता रहा। करीब एक महीने बाद पुलिस ने इस हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए पति सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गुहा बोण्ड गांव में अपने ससुराल में रह रही भगवती सेठिया 20 नवंबर से अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ लापता थी। शुरुआत में परिजनों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई, लेकिन 3 दिसंबर को मायके पक्ष को जब महिला और बच्चे के गायब होने की सूचना मिली, तो उन्होंने 6 दिसंबर को फरसगांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।जांच के दौरान पुलिस को शुरू से ही महिला के पति रोहित सेठिया और उसके ससुराल पक्ष की भूमिका संदिग्ध लग रही थी।

संदेह के आधार पर पुलिस ने रोहित सेठिया को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि उसने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर पत्नी और बेटे की हत्या की थी।आरोपी ने वारदात के बाद साक्ष्य छिपाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए पूरी योजना बनाई थी, ताकि मामला गुमशुदगी का ही बना रहे। हालांकि, तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पूछताछ के बाद पुलिस ने साजिश की परतें खोल दीं।पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी रोहित सेठिया के साथ उसकी मां, पिता, भाई, मामा और दो दोस्तों को गिरफ्तार किया है।

कुल 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।मामले का खुलासा करते हुए एसडीओपी ने बताया कि जांच अभी जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और भी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव है। पुलिस इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?