नंदिनी नगर में जुआ फड़ पर दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 21 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग | 24 जनवरी 2026थाना नंदिनी नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रवेलीडीह में जुआ खेलने की सूचना पर दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ फड़ पर रेड डालकर 21 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 लाख 91 हजार रुपये नगद, 01 आल्टो कार, 10 मोटरसाइकिल एवं 25 मोबाइल फोन जप्त किए हैं। जप्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 9 लाख 66 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 24 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रवेलीडीह में टीकाराम वर्मा के घर पर कुछ व्यक्ति रुपये-पैसों का दांव लगाकर “काट पत्ती” नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद नगर पुलिस अधीक्षक छावनी के नेतृत्व में एसीसीयू टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर घेराबंदी कर रेड की गई।
रेड के दौरान मौके से 52 पत्ती ताश के साथ जुआ खेलते हुए सुखेश नयां, प्रवीण सिंह, कमलेश्वर सिंह, दुखीराम वैष्णव, धनराज चंदेवार, ध्रुव कुमार सोनी, प्रशांत वर्मा, दिनेश सोनी, नयन साहू, मोहित जायसवाल, संतोष सेन, विक्की साहू, जसवंत गोस्वामी, प्रकाशदास गोस्वामी, धर्मेन्द्र कुमार सिन्हा, प्रहलाद निर्मलकर, संतोष शुक्ता, हिमांशु निषाद, मोहित वर्मा, सोहन देवांगन एवं चेतन शर्मा को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध थाना नंदिनी नगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।
