नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 किलो 30 ग्राम गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए दुर्ग पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना मोहन नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कुल 2 किलो 30 ग्राम गांजा और ₹2200 नगद राशि जप्त की गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 8 फरवरी 2026 को थाना मोहन नगर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तितुरडीह क्षेत्र में एक व्यक्ति सफेद रंग के झोले में गांजा लेकर बिक्री की फिराक में खड़ा है।
सूचना की तस्दीक के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तितुरडीह भट्टी दुकान के पास दबिश दी।दबिश के दौरान संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान गोपाल नाग (38 वर्ष), निवासी तितुरडीह, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर में पदस्थ पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित और प्रभावी ढंग से कार्रवाई को अंजाम दिया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि नशे के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।
